मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

असलम त्यागी | राजसत्ता पोस्ट 

मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर मलीरा कट के निकट शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रोहाना क्षेत्र के मलीरा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर सड़क पर जा लगा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान हर्ष ठाकुर पुत्र देवेन्द्र, निवासी गांव कछौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हर्ष रोहाना क्षेत्र में स्थित एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत था और रोजाना की तरह शनिवार सुबह भी बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में ले लिया और चालक सहित उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। तहरीर मिलने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि करीब दो वर्ष पूर्व हर्ष के बड़े भाई विशाल का भी निधन हो चुका है, ऐसे में इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *