तितावी पुलिस की बड़ी कार्यवाई : फर्जी बैनामे कर लाखों की ठगी, लेखपाल समेत 2 आरोपी गिरफ्तार
असलम त्यागी | राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी पुलिस ने फर्जी बैनामा कर योजनाबद्ध तरीके से लाखों रुपये की ठगी करने वाले लेखपाल समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जनपद शामली के ग्राम महावतपुर निवासी नंद किशोर पुण्डीर ने थाना तितावी में तहरीर देकर बताया कि उसकी पहचान ग्राम लखान निवासी तरूण से थी। तरूण ने अपनी जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया, जिस पर पीड़ित ने जमीन देखी और खरीदने के लिए सहमति जताई। इस दौरान लेखपाल तेजस्वी सहित अन्य लोगों ने जमीन के कागजात सही होने की पुष्टि करते हुए दाखिल-खारिज और कब्जा दिलाने की जिम्मेदारी ली।
आरोप है कि वर्ष 2022 में पीड़ित ने जमीन खरीदने के नाम पर करीब 18 लाख रुपये चेक और नकद के रूप में आरोपियों को दे दिए। बाद में जब पीड़ित ने जमीन पर कब्जा और दाखिल-खारिज की बात की तो आरोपी टालमटोल करने लगे। शक होने पर जांच करने पर पता चला कि जमीन के कागजात फर्जी हैं और आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी की है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक गिरोह के रूप में भोले-भाले लोगों को निशाना बनाकर फर्जी बैनामा कर ठगी करते हैं।
मामले में थाना तितावी पुलिस ने मुकदमा संख्या 88/2026 धारा 120बी, 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत केस दर्ज कर आरोपी तरूण और लेखपाल तेजस्वी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।

