माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में प्रतिभा सम्मान एवं अलंकरण समारोह भव्य आयोजन, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
असलम त्यागी | राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर। लिंक रोड स्थित माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में 11 अप्रैल 2026 को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में प्रतिभा सम्मान समारोह (Achievers Award Ceremony) एवं अलंकरण समारोह (Investiture Ceremony) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध लेखिका एवं शिक्षाविद डॉ. अंजू अरोड़ा, श्रीमती वृंदा शर्मा एवं श्रीमती सोनिया लूथरा उपस्थित रहीं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।
समारोह के दौरान कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों को प्रथम से दशम स्थान तक तथा कक्षा 9 एवं 11 के विद्यार्थियों को प्रथम से पंचम स्थान तक शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय की सराहना की।
इसके पश्चात अलंकरण समारोह में विद्यालय की नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। हेड बॉय के रूप में देव सिंघल, हेड गर्ल खुशबू लूथरा, स्कूल स्पोर्ट्स कैप्टन (गर्ल) मान्या चौधरी, स्कूल स्पोर्ट्स कैप्टन (बॉय) अमर ढाका, वाइस हेड बॉय शिवांश एवं वाइस हेड गर्ल मानस्वी त्यागी को उनके पदों की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की निर्देशिका श्रीमती चारु भारद्वाज एवं प्रधानाचार्य डॉ. के. जी. अरोड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों एवं जिम्मेदारी के साथ जीवन जीने में निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने तथा विद्यालय के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का स्थान है, जहां से विद्यार्थी एक जिम्मेदार नागरिक बनकर समाज में अपनी पहचान स्थापित करते हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ और विद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता व नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

