डकैती का सनसनीखेज खुलासा-पुलिस मुठभेड़ के बाद 7 शातिर आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार व ज्वेलरी बरामद

असलम त्यागी | राजसत्ता पोस्ट

मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने डकैती की घटना का सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के बाद सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध शस्त्र, कारतूस, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, फर्जी नंबर प्लेट तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को ग्राम पिन्ना निवासी रवि कुमार ने घर से ज्वेलरी चोरी होने की तहरीर दी थी। जांच के दौरान मामला साधारण चोरी न होकर सुनियोजित डकैती का पाया गया, जिसके बाद संबंधित धाराओं में परिवर्तन कर विशेष टीमों का गठन किया गया।

11 अप्रैल को पुलिस टीम ने चरथावल रोड स्थित लकड़संधा रेलवे लाइन पुल के पास मुठभेड़ के बाद तीन अभियुक्तों—अंकित, अर्जुन और आकाश को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, ज्वेलरी और स्विफ्ट कार बरामद हुई। पूछताछ में अन्य साथियों के नाम सामने आने पर पुलिस ने गौरव, विपिन, अनुज और दीपक को भी काली नदी के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अनुज ने अपने साले रवि के घर में जमीन में दबे सोने-चांदी के जेवरों की जानकारी गैंग को दी थी। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर डकैती की योजना बनाई। घटना के दिन आरोपियों ने देहरादून से किराए पर स्विफ्ट कार ली और पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी। घर पहुंचकर उन्होंने रवि और उसके बच्चों को तमंचे के बल पर कमरे में बंद किया और जमीन में दबे जेवर निकालकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *