हाइटेंशन ट्रांसफार्मर का करंट लगने से 7 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत, हादसे के बाद हंगामा, एसडीएम-सीओ ने संभाली स्थिति

असलम त्यागी | राजसत्ता पोस्ट

मुजफ्फरनगर। जनपद के कस्बा जानसठ के मोहल्ला सराय तुलसीराम की मुस्लिम बस्ती में एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय बालक शाहबान की करंट लगने से मौत हो गई। खुले में रखे हाइटेंशन ट्रांसफार्मर पर गिरने से हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और लोगों ने जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, बस्ती में कच्चे रास्ते के पास हाइटेंशन विद्युत लाइन का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, जो मिट्टी के भराव के कारण रास्ते से करीब तीन-चार फुट नीचे हो गया है। इसी के पास शाहनवाज का मकान है। गुरुवार दोपहर शाहनवाज का सात वर्षीय पुत्र शाहबान घर से बाहर निकला और कच्चे रास्ते से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे चलती हाइटेंशन लाइन के ट्रांसफार्मर पर जा गिरा।

करंट लगते ही शाहबान गंभीर रूप से झुलस गया। पास में खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया तो परिजन और बस्ती के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह जोखिम उठाकर बालक को ट्रांसफार्मर से हटाया गया और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने शव को घर के सामने रखकर हंगामा शुरू कर दिया। लोगों ने विद्युत विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, ट्रांसफार्मर को तुरंत हटवाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की।

सूचना मिलने पर एसडीएम राजकुमार भारती और सीओ रुपाली राय मौके पर पहुंचे। उनके साथ नगर पंचायत चेयरमैन डॉ. आबिद हुसैन, हाजी आशु मलिक, सभासद गुलफाम, मोहम्मद अहसान और धर्मेश सैनी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *