सिसौली में कबड्डी प्रतियोगिता में पहुंचे राकेश टिकैत, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मुजफ्फरनगर। जनपद के सिसौली स्थित इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में राकेश टिकैत (भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता) ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय किया और उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि गांव की मिट्टी में खेलों के प्रति जो जुनून और ऊर्जा देखने को मिलती है, वह काबिले-तारीफ है। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे सही दिशा और मंच मिलने पर वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
राकेश टिकैत ने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल न केवल शरीर को मजबूत बनाते हैं, बल्कि आपसी भाईचारा, अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है।
उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की अपील की।

#AnujTyagiPost

