मुजफ्फरनगर में रालोद की अहम बैठक, 13 अप्रैल की जनसभा को सफल बनाने पर मंथन
मुजफ्फरनगर के सर्कुलर रोड स्थित राष्ट्रीय लोक दल कार्यालय पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 13 अप्रैल को नुमाइश ग्राउंड में प्रस्तावित रोजगार मेले के उद्घाटन और जनसभा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के संयुक्त आगमन को ऐतिहासिक बताया गया।
जिलाध्यक्ष संजय राठी ने बताया कि जनसभा को सफल बनाने के लिए रालोद पूरी ताकत के साथ भागीदारी करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से ट्रैक्टर-ट्रॉली और दूर-दराज से बसों के माध्यम से लोगों को लाने की तैयारी की जा रही है।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय अध्यक्ष तरसपाल मलिक (चेयरमैन) ने कहा कि मुजफ्फरनगर रालोद का मजबूत गढ़ है और पार्टी गठबंधन में यहां सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम संयुक्त आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जनपद से भारी भीड़ जुटाई जाएगी।
विधानमंडल दल के नेता एवं बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान ने संगठनात्मक जिम्मेदारियों के बंटवारे पर जोर देते हुए सभी कार्यकर्ताओं से निर्देशों का पालन करते हुए पूरी निष्ठा से कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन पूर्व युवा जिलाध्यक्ष विदित मलिक ने किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रभात तोमर, पूर्व विधायक धर्मवीर बालियान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा, प्रदेश महासचिव उमादत्त शर्मा, विकास कादियान, छात्र सभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बालियान, ओंकार बालियान, कृष्णपाल राठी (चेयरमैन), वसीम त्यागी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar #RLD #JayantChaudhary #YogiAdityanath

