रामपुर के शावेज़ की रूस में गोली लगने से मौत, परिवार का इकलौता सहारा था युवक

रामपुर (उत्तर प्रदेश)।
जनपद रामपुर के मसवासी क्षेत्र के गांव भूबरा मुहस्तेकम के मजरा फतेहगंज निवासी 22 वर्षीय युवक शावेज़ (पुत्र दूल्हे हसन) की रूस में गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार शावेज़ करीब नौ महीने पहले स्टील फर्नीचर का काम करने के लिए रूस गया था। शुरुआती दो महीने तक उसने वहां मजदूरी का काम किया, लेकिन बाद में उसे रूस की सेना में शामिल कर लिया गया। बताया जा रहा है कि ड्यूटी के दौरान उसे गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी रूस की आर्मी बटालियन द्वारा फोन के माध्यम से मृतक के पिता दूल्हे हसन को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शावेज़ अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसका एक छोटा भाई नावेद मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, ऐसे में घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी।

परिजनों ने बताया कि शावेज़ का शव शनिवार तड़के करीब 3:20 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली पहुंचा, जहां से परिजन शव लेने के लिए रवाना हो गए हैं। गांव के लोग भी इस दुखद खबर से स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार शावेज़ बेहद मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। वह अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गया था, लेकिन उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब घर में केवल मातम और उसकी यादें ही शेष रह गई हैं।

#Rampur #Russia #UPNews #BreakingNews #IndianYouth #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *