सांसद हरेंद्र मलिक ने दिखाई मानवता, सड़क हादसे मे घायलों को तुरंत पहुंचाया अस्पताल, क्षेत्रवासियों ने की सराहना
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद पानीपत खटीमा मार्ग पर जागा हेड़ी टोल टैक्स के समीप हुए एक सड़क हादसे के दौरान सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने अपने संवेदनशील और जिम्मेदार रवैये से मानवता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। उन्होंने मौके पर तुरंत कार्रवाई कर घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक द्वारा लोकसभा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान जागाहेड़ी टोल के पास हुए सड़क हादसा जिसमे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक चालक और साथ सवार व्यक्ति घायल हो गए। घटना के समय वहां उपस्थित लोग घबराए हुए थे और उन्हें घायलों तक तुरंत मदद पहुँचाने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में सांसद हरेंद्र मलिक स्थिति का जायजा लिया। बिना किसी देरी के एंबुलेंस की व्यवस्था कराई और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बघरा भिजवाया। अस्पताल पहुंचने के बाद सांसद ने चिकित्सकों से व्यक्तिगत रूप से वार्ता की और घायलों के बेहतर इलाज तथा सुविधाजनक उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि घायलों को समय पर समुचित दवा, मेडिकल सहायता और आवश्यक जांच उपलब्ध कराई जाए।
सांसद हरेंद्र मलिक ने सीएचसी प्रभारी अश्वनी से भी बातचीत कर अस्पताल प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए और घायलों की पूरी देखभाल की जिम्मेदारी सुनिश्चित कराई। सांसद की इस तत्परता और संवेदनशीलता ने स्थानीय लोगों के बीच उन्हें एक जिम्मेदार और संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया।
स्थानीय लोगों ने सांसद हरेंद्र मलिक की इस मानवतावादी पहल की खुले दिल से सराहना की और कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि ही समाज के लिए प्रेरणा होते हैं, जो संकट की घड़ी में तुरंत मदद के लिए आगे आते हैं। ग्रामीणों और राहगीरों ने यह भी बताया कि सांसद की त्वरित कार्रवाई के कारण हादसे में घायल लोगों की स्थिति गंभीर होने से बच गई और उनका समय पर इलाज सुनिश्चित हुआ।
यह घटना न केवल सांसद के संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि एक जिम्मेदार नेता आपातकालीन परिस्थितियों में किस प्रकार से तुरंत कार्रवाई करके लोगों की जान बचा सकता है। सांसद हरेंद्र मलिक की यह पहल मानवता और समाज सेवा के लिए एक प्रेरक उदाहरण के रूप में याद रखी जाएगी।

