ईद के अवसर पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पहुंचे दधेड़ू खुर्द, भाईचारे का दिया संदेश
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दधेड़ू खुर्द में ईद-उल-फितर के पावन अवसर ईद मिलन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री के आगमन से पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मंत्री के गांव पहुंचते ही ग्राम प्रधान हुसैन अहमद, पूर्व ग्राम प्रधान मुजफ्फर हुसैन एवं अन्य गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में ईद की खुशियां साफ झलक रही थीं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल कुमार ने सभी क्षेत्रवासियों को ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समाज में एकता बनाए रखें और मिलजुलकर क्षेत्र के विकास में सहयोग करें।
मंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के सामने क्षेत्र से जुड़ी कई समस्याएं रखीं, जिनमें सड़क निर्माण, जल निकासी, बिजली आपूर्ति और अन्य स्थानीय मुद्दे शामिल रहे। मंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया और कहा कि समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी उपस्थित लोगों से मुलाकात की और ईद की बधाई देते हुए आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दोहराया। इस अवसर पर विनय मित्तल प्रतिनिधि कैबिनेट मंत्री सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

