एसएसपी संजय कुमार वर्मा की निगरानी मुजफ्फरनगर में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ अलविदा जुमा, फ्लैग मार्च कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

मुजफ्फरनगर।
अलविदा जुमा के अवसर पर जनपद मुजफ्फरनगर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया और पूरे जनपद में शांति, सौहार्द एवं मजबूत कानून-व्यवस्था के बीच नमाज सकुशल सम्पन्न कराई गई।

दिनांक 20 मार्च 2026 को अलविदा जुमा के मौके पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा स्वयं थानाक्षेत्र खालापार सहित नगर के विभिन्न इलाकों में लगातार भ्रमणशील रहे और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उनके निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा एवं भारी पुलिस बल के साथ संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत किया गया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ त्यौहार मनाएं, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर न फैलाएं और अफवाहों से दूर रहें। किसी भी सूचना की पुष्टि पुलिस या प्रशासन से करने की सलाह दी गई।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने वहां मौजूद धर्मगुरुओं से वार्ता कर शांति, सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखने पर बल दिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, लगातार गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

 

इस दौरान स्थानीय धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित कर सभी से आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि नमाज केवल निर्धारित स्थानों—ईदगाह और मस्जिदों—में ही अदा की जाए और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाए।

नवरात्रि और आगामी ईद पर्व को देखते हुए जनपद में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि पीआरवी और मोबाइल टीमों द्वारा लगातार गश्त जारी है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *