अलविदा जुमे के साथ रुखसत हुआ माह-ए-रमजान
देश की खुशहाली के लिए उठे नन्हे हाथ
मोहम्मद अरबाज कुरैशी
मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा बुढाना में अलविदा जुमे की नमाज अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। अलविदा जुमे के साथ ही पवित्र रमजान माह का समापन हो गया। पूरे कस्बे की मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा कर देश और समाज की खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

जानकारी के अनुसार, इस वर्ष रमजान के महीने में पांच जुमे (शुक्रवार) पड़े, जो कि विशेष महत्व रखते हैं। रमजान के पूरे महीने में मुस्लिम समुदाय द्वारा रोजे रखे जाते हैं और विशेष रूप से तरावीह की नमाज में कुरान शरीफ का पाठ किया जाता है।
अलविदा जुमे के अवसर पर बुढाना की विभिन्न मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ देखने को मिली। कस्बे की नई बस्ती स्थित नमरा मस्जिद में मौलाना आमिल साहब ने रमजान और ईद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को भाईचारे, आपसी प्रेम और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया।
खास बात यह रही कि इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चे भी बड़ी संख्या में नमाज अदा करते नजर आए। उन्होंने भी देश की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ मांगी, जिससे माहौल और भी भावुक व आध्यात्मिक हो गया।
बताया जा रहा है कि आज चांद दिखाई देने की पूरी संभावना है, जिसके बाद शनिवार को पूरे देश में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। बुढाना की ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 8 बजे अदा की जाएगी, जिसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अलविदा जुमे के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और समाज में भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया।
#AnujTyagiPost

