आगरा-इटावा हाईवे हादसा: कैलादेवी से लौट रहे परिवार की बोलेरो पेड़ से टकराई, पति-पत्नी समेत 5 की मौत
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के थाना चित्राहट क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटावा जनपद के थाना इकदिल क्षेत्र के नगला वर गांव के रहने वाले लोग बोलेरो गाड़ी से राजस्थान स्थित प्रसिद्ध कैलादेवी मंदिर के दर्शन कर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आगरा के चित्राहट थाना क्षेत्र के हाईवे पर चालक को झपकी आ जाने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में पति-पत्नी, उनके बेटा-बेटी सहित कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सभी पांचो लोग इटावा जनपद के बताए जा रहे हैं,
वहीं, हादसे में घायल 4 लोगों को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में चालक को आई झपकी को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी यात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की आवश्यकता को उजागर करता है।

