मुजफ्फरनगर: भाकियू (अराजनैतिक) की बैठक में अंश निर्धारण त्रुटियों पर आंदोलन का ऐलान
मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की मासिक बैठक आवास विकास कॉलोनी स्थित धर्मेंद्र मलिक के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, गन्ना प्रजातियों, अंश निर्धारण में त्रुटियों और नकली खाद जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसीलों में भ्रष्टाचार चरम पर है और किसान वर्षों से चक्कर काटने को मजबूर हैं। रियल टाइम खतौनी में नाम व अंश निर्धारण की गलतियों के कारण किसान सम्मान निधि व अन्य योजनाओं का लाभ प्रभावित हो रहा है।
किसानों ने कहा कि सरकार द्वारा फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य किया गया है, लेकिन राजस्व विभाग अपनी खामियों को दूर नहीं कर रहा, जिससे किसानों को खाद तक मिलने में दिक्कत हो रही है।

बैठक को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि तहसील स्तर पर समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं और अधिकारियों द्वारा सुनवाई नहीं की जा रही। उन्होंने गन्ना किसानों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए जनपद की सभी तहसीलों में आंदोलन करने की घोषणा की।
आंदोलन की शुरुआत 25 मार्च से बुढ़ाना तहसील से होगी, इसके बाद 2 अप्रैल को खतौली और 6 अप्रैल को जानसठ तहसील में प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुधीर पहलवान सहित विपिन त्यागी, मोनू ठाकुर, सुमित दोहाड, अंकित जावला, कपिल बालियान, बिजेंद्र बालियान, अमरपाल सिसौली, नीरज मलिक, दुष्यंत मलिक, शानूर राणा, विकास दीक्षित, विनोद, कपिल राठी सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
#Muzaffarnagar #BKU #FarmersProtest #KisanNews #BreakingNews
#AnujTyagiPost

