मुजफ्फरनगर: भाजपा की नई जिला कार्यकारिणी पर राजपूत समाज में रोष, अमित पुंडीर ने जताई नाराजगी
मुजफ्फरनगर में भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद राजपूत समाज में असंतोष देखने को मिल रहा है। क्षत्रिय राजपूत महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारी अमित पुंडीर ने इसे समाज के साथ “अनदेखी” बताते हुए नाराजगी जताई है।
अमित पुंडीर का कहना है कि कार्यकारिणी में राजपूत समाज के किसी भी नेता को न उपाध्यक्ष बनाया गया और न ही महामंत्री, जबकि समाज के कई योग्य और सक्रिय नेताओं ने आवेदन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आश्वासन मिलने के बावजूद समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, जिससे लोगों में निराशा और आक्रोश है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछली कार्यकारिणी में दूधली निवासी सुषमा पुंडीर को महामंत्री बनाए जाने से समाज में खुशी थी, लेकिन इस बार पूरी तरह अनदेखी की गई है।
इसके साथ ही उन्होंने वहलना चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाए जाने के अधूरे वादे का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि इस संबंध में पूर्व में कपिल देव अग्रवाल से मुलाकात कर आश्वासन लिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अमित पुंडीर ने चेतावनी दी कि यदि समाज की अनदेखी जारी रही तो इसका असर आगामी चुनावों में देखने को मिल सकता है।
#Muzaffarnagar #BJP #RajputSamaj #PoliticalNews #BreakingNews
#AnujTyagiPost

