छतेला गांव में दबंगों का तांडव, महिला समेत 3 गंभीर घायल
मुज़फ्फरनगर।तितावी थाना क्षेत्र के गांव छतेला में आपसी रंजिश को लेकर दबंगों का खौफनाक तांडव देखने को मिला। दबंगों ने कानून को ताक पर रखते हुए एक परिवार पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक वारदात में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में मामूली विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया जब दबंग पक्ष के लोग एकजुट होकर दूसरे पक्ष के घर पर टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट की, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस के पास भी साक्ष्य के रूप में पहुंच चुका है। दोनों पक्ष एक ही समुदाय से जुड़े हुए हैं
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। परिजनों में दहशत का माहौल है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
थाना तितावी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#Muzaffarnagar #Titaavi #CrimeNews #ViralVideo #UPPolice
#AnujTyagiPost

