चरथावल में गैस वितरण में अनियमितता पर भाकियू का धरना: ब्लैक में सिलेंडर बेचने का आरोप, समाधान तक प्रदर्शन जारी
असलम त्यागी |चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद चरथावल कस्बे में इंडियन गैस एजेंसी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं का धरना प्रदर्शन जारी है। ब्लॉक अध्यक्ष संजय त्यागी के नेतृत्व में चल रहा यह प्रदर्शन गैस वितरण में अनियमितता और सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के आरोपों को लेकर किया जा रहा है।
किसान नेता संजय त्यागी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में गैस उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। उनका कहना है कि एजेंसी द्वारा स्टॉक होते हुए भी कृत्रिम कमी दिखाई जा रही है और सिलेंडरों को ब्लैक में बेचा जा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को घंटों लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ता है, इसके बावजूद उन्हें समय पर गैस नहीं मिलती। इससे खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा किसान नेताओं ने केवाईसी प्रक्रिया में भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि एजेंसी द्वारा जानबूझकर उपभोक्ताओं की केवाईसी पूरी नहीं की जा रही, जबकि संबंधित पोर्टल उपलब्ध रहता है। केवाईसी न होने के कारण उपभोक्ता समय पर सिलेंडर बुक नहीं कर पाते और उन्हें देर रात तक एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
धरना स्थल पर मौजूद किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक किसी भी संबंधित अधिकारी से प्रदर्शनकारियों की वार्ता नहीं हो सकी थी। किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक गैस वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं होता, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा

