बरेली में पंचायत बनी मौत का मैदान, डबल मर्डर का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
सौरभ दुबे
बरेली में आज एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया, जहां पारिवारिक विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत खूनी खेल में बदल गई। इस डबल मर्डर के आरोपी अफसर खान को आखिरकार उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।
पंचायत में हुआ खौफनाक हमला
मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र का है, जहां एक परिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। लेकिन इस पंचायत के दौरान ही दामाद अफसर खान ने अचानक चाकू निकाल लिया और अपनी सास व साले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
पुलिस की घेराबंदी और मुठभेड़
घटना के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट हो गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
इसी बीच तड़के सहारा ग्राउंड के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही अफसर खान ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।मुठभेड़ में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एडीजी रमित शर्मा, अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक और सीओ पंकज श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और पूरे मामले की कमान संभाली।
प्रेम विवाह बना विवाद की जड़
बताया जा रहा है कि अफसर खान ने करीब 8 साल पहले अपनी सगी चचेरी बहन साईमा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
इसी विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी, लेकिन बात सुलझने के बजाय खूनी वारदात में बदल गई।
पुलिस का सख्त संदेश
इस पूरी कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस का संदेश साफ है कि कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार काम किया जा रहा है।
#Bareilly #UPPolice #Encounter #CrimeNews #AnujTyagiPost

