गाजियाबाद में बैंक मैनेजर की गोली मारकर हत्या, छुट्टी विवाद बना वजह

गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर इलाके में स्थित Punjab & Sind Bank की शाखा में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा (34) की बैंक के ही गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक अभिषेक शर्मा मूल रूप से बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, आरोपी गार्ड रवींद्र पिछले कई दिनों से छुट्टी की मांग कर रहा था। सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे वह मैनेजर के केबिन में पहुंचा, जहां छुट्टी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गार्ड ने अपनी बंदूक से मैनेजर की छाती पर गोली चला दी। गोली लगते ही अभिषेक शर्मा लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

बैंक परिसर में अचानक हुई फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक व स्टाफ दहशत में आ गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गार्ड अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया। इसके बाद बैंक कर्मचारियों ने गंभीर रूप से घायल मैनेजर को बाइक से दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना से जुड़ा बैंक गेट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गार्ड अपने साथी के साथ नजर आ रहा है। फुटेज में कुछ देर बाद बैंक स्टाफ को घायल मैनेजर को बाहर ले जाते हुए भी देखा गया है।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ज्ञान प्रकाश राय (एसीपी) ने बताया कि आरोपी गार्ड बागपत का रहने वाला है और लंबे समय से छुट्टी को लेकर उसका मैनेजर से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

#AnujTyagiPost #UttarPradesh #Ghaziabad #UPPolice

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *