चरथावल में पशु क्रूरता का मामला, युवक ने कुत्ते को पटक-पटक कर किया घायल, घटना सीसीटीवी में कैद
असलम त्यागी | चरथावल
मुज़फ्फरनगर जनपद कस्बा चरथावल के मोहल्ला हलवाईयान में पशु क्रूरता का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक द्वारा कुत्ते को ज़मीन पर पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया मामला स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।बताया जा रहा है कि घटना के समय युवक ने गुस्से में आकर कुत्ते को पकड़ लिया और उसे कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे कुत्ता बुरी तरह घायल हो गया। घटना को देखकर आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पशु प्रेमी सन्नी पंजाबी को दी।सूचना मिलने पर पशु प्रेमी सन्नी पंजाबी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी और घायल कुत्ते का उपचार कराया इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना बेहद निंदनीय है और आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

