बारात से लौट रहे युवकों की कार पेड़ से भिड़ी, दो की मौके पर मौत
असलम त्यागी |चरथावल
मुजफ्फरनगर। चरथावल-मुजफ्फरनगर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बारातियों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चरथावल-मुज़फ्फरनगर मार्ग पर स्थित संजीवनी अस्पताल व CNG पंप के पास उस समय हुआ, जब मेरठ से बारात में शामिल होकर लौट रहे युवकों की एक्सयूवी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में कुल आठ युवक सवार थे। हादसे में बेहड़ा अस्सा निवासी विकास पुत्र मेघराज और चरथावल के कानूनगोयान मोहल्ला निवासी रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। विकास बिजली विभाग में मीटर रीडर के पद पर कार्यरत था और उसके परिवार में दो छोटी बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।
हादसे में मोनू, अमित, प्रिंस, विपुल, रोहित और सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कार से निकालकर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने विकास और रोहित को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ सदर डॉ. रवि शंकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, चालक को नींद आना या सड़क की स्थिति हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है।

