बहन के अपहरण का आरोप, युवक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से लगाई बरामदगी की गुहार

असलम त्यागी | चरथावल

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के ग्राम रोनी हरजीपुर निवासी एक युवक ने बहन के अपहरण का आरोप लगाते हुए 12 मार्च 2026 को मुज़फ्फरनगर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। युवक का कहना है कि उसकी बहन पिछले तीन महीने से लापता है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रोनी हरजीपुर निवासी विशाल पुत्र मनोज ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपने परिवार के साथ हरियाणा के गुरुग्राम स्थित कृष्णा कुंज, गली नंबर-5 में किराये के मकान में रहता है। उसकी बहन रेणू भी उसके साथ रहती थी। 12 दिसंबर 2025 को रेणू श्रवण इंडस्ट्रीज में नौकरी पर गई थी और दोपहर करीब एक बजे वहां से घर के लिए निकली, लेकिन घर नहीं पहुंची।

विशाल का आरोप है कि उसकी बहन को कमल पुत्र मामू निवासी ग्राम रोनी हरजीपुर, थाना चरथावल, जिला मुजफ्फरनगर जबरन अपहरण कर ले गया है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

पीड़ित के अनुसार इस मामले में 17 दिसंबर 2025 को गुरुग्राम के थाना सेक्टर-65 में आरोपी कमल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने मुकदमा संख्या 489/2025 के तहत धारा 127(6) बीएनएस में मामला दर्ज किया है।

विशाल का कहना है कि वह लगातार पुलिस को संभावित लोकेशन की जानकारी भी देता रहा है, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। युवक ने आशंका जताई है कि आरोपी उसकी बहन के साथ अनहोनी भी कर सकता है।

पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि थाना चरथावल पुलिस को निर्देशित कर उसकी बहन को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कराया जाए तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *