सपा महिला प्रकोष्ठ की बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर मंथन, महिलाओं से बढ़-चढ़कर भागीदारी का आह्वान
असलम त्यागी |राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर। बुधवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर समाजवादी महिला प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 13 मार्च को आयोजित होने वाले मा. नसीमुद्दीन सिद्दीकी के सुनियोजित कार्यक्रम तथा 15 मार्च को मान्यवर कांशीराम साहब की जयंती को बहुजन दिवस के रूप में मनाए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष भाई जिया चौधरी ने पार्टी की गाइडलाइन के अनुसार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में भाग लें और संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की जिला अध्यक्ष श्रीमती पूजा अंबेडकर ने महिला कार्यकर्ताओं और नेत्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी कही जाने वाली महिला शक्ति यदि सक्रिय रूप से आगे आए तो समाज और राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्रीमती पूजा अंबेडकर ने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जल्द ही महिला प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें जिम्मेदारी दी जा सके। उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पार्टी के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने का भरोसा दिलाया। अंत में सभी ने एकजुट होकर पार्टी संगठन को मजबूत करने और तय कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।

