चरथावल में खाद्य विभाग की छापेमारी से मचा हड़कंप, कई दुकानदार दुकानें बंद कर हुए रफूचक्करमुज़फ्फरनगर। राष्ट्रीय वार्षिक निगरानी (द्वितीय चरण) योजना के तहत गुरुवार को कस्बा चरथावल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से रफूचक्कर हो गए।

फूड इंस्पेक्टर वैभव शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मेन बाजार स्थित कई किराना दुकानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करते हुए चायपत्ती, अरहर दाल, धुली मूंग दाल और हल्दी के दो-दो कुल 08 सर्विलांस नमूने नियमानुसार संग्रहित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे।
बताया गया कि विभाग को मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने दुकानों पर रखे खाद्य उत्पादों की जांच की और संदेह होने पर नमूने सुरक्षित कर लिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *