मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 110 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर
मुजफ्फरनगर। मंडल आयुक्त सहारनपुर मंडल की प्रेरणा तथा मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता मीना के आदेशों के अनुपालन में मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 110 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई बुधवार, 11 मार्च को प्राधिकरण के जोन-01 क्षेत्र में की गई।
प्राधिकरण से प्राप्त प्रेस नोट के अनुसार जानसठ रोड स्थित ग्राम बीबीपुर में भट्टे के पीछे अवैध भू-स्वामी/प्लॉटिंगकर्ता पुष्पेन्द्र त्यागी, अजय सिंह आदि द्वारा लगभग 35 बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण से तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इसी प्रकार एनएच-58 स्थित ग्राम शेरनगर में सतीश कुमार आदि द्वारा लगभग 75 बीघा भूमि पर भी प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण द्वारा इन अवैध प्लॉटिंगकर्ताओं के खिलाफ पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे और चालानी कार्रवाई भी की गई थी। इसके उपरांत ध्वस्तीकरण के आदेश भी पारित किए गए थे, लेकिन संबंधित भू-स्वामियों एवं प्लॉटिंगकर्ताओं द्वारा स्थल से अवैध प्लॉटिंग नहीं हटाई गई।
इसके बाद बुधवार, 11 मार्च को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने जोन-01 क्षेत्र के दोनों स्थलों पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए लगभग 110 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण की टीम मौके पर मौजूद रही। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित थाने की पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
प्राधिकरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के अवैध रूप से की जाने वाली प्लॉटिंग और कॉलोनी विकास के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
#AnujTyagiPost

