महिला सशक्तिकरण से ही बनेगा समृद्ध उत्तर प्रदेश: गीता शाक्य

मुज़फ्फरनगर, 9 मार्च 2026। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेरठ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग की ओर से “सशक्त नारी – समृद्ध उत्तर प्रदेश” विषय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद गीता शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने कहा कि आज की नारी केवल परिवार की शक्ति ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव सम्मान का स्थान मिला है और आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, उद्यमिता सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी कई योजनाएं चला रही है, जिनसे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है।

वहीं मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि “सशक्त नारी – समृद्ध उत्तर प्रदेश” केवल एक नारा नहीं बल्कि सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शिक्षित और आत्मनिर्भर बनती हैं तो परिवार के साथ-साथ समाज और देश भी मजबूत होता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है। आईटीआई और कौशल विकास संस्थान महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। वक्ताओं ने महिलाओं से शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन अमिता चौधरी ने किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक सुशीला अग्रवाल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष कविता सैनी, भाजपा नेता ममता अग्रवाल, जिला महामंत्री रेनू गर्ग, प्रधानाचार्य चंचल सक्सेना सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाएं, छात्राएं, प्रशिक्षु और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *