चरथावल में रजवाहे में फंसी नीलगाय का रेस्क्यू, 12 घंटे बाद ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में लुहारी खुर्द–किशनपुरा माजरा मार्ग पर स्थित एक रजबाहे में फंसी नीलगाय को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यह नीलगाय करीब 12 घंटे से रजबाहे के पानी में फंसी हुई थी और बाहर निकलने के लिए लगातार संघर्ष कर रही थी।

जानकारी के अनुसार नीलगाय अचानक रजबाहे में गिर गई थी, जिसके बाद वह पानी में फंस गई और खुद बाहर नहीं निकल पा रही थी। लंबे समय तक पानी में फंसे रहने के कारण उसकी हालत भी कमजोर हो गई थी।

घटना की सूचना मिलने पर पशु प्रेमी चोपड़ा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नीलगाय को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की भी मदद ली गई।

काफी देर तक चले प्रयास के बाद ग्रामीणों ने जेसीबी की सहायता से नीलगाय को सुरक्षित रजबाहे से बाहर निकाल लिया। करीब 12 घंटे तक पानी में फंसी रहने के बाद नीलगाय को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने वाले ग्रामीणों और पशु प्रेमी चोपड़ा के प्रयासों की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *