चरथावल के प्रसिद्ध घाट मेले में दंगल का भव्य आयोजन, दूर-दूर से पहुंचे नामी पहलवान
असलम त्यागी |चरथावल
मुजफ्फरनगर। होली के पावन अवसर पर चरथावल कस्बे में लगने वाले प्रसिद्ध घाट मेले में इस वर्ष भी पारंपरिक दंगल (कुश्ती प्रतियोगिता) का भव्य आयोजन किया गया। दंगल का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक पंकज मलिक ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
घाट मेले में आयोजित इस दंगल में हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई नामचीन पहलवानों ने भाग लिया और अखाड़े में अपने दमखम और दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और कस्बे के लोग मेले में पहुंचे और पहलवानों का तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर विधायक पंकज मलिक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले मेले और दंगल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से न केवल युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों से जुड़कर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मास्टर इस्लाम, आलम त्यागी, सभासद गुलफाम और डॉ. नोशाद सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने पहलवानों से मुलाकात कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
दंगल प्रतियोगिता के संचालन में नसीम और इरफान ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि परवेज त्यागी और आसिफ डायरेक्टर ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभाली। आयोजकों के सहयोग से प्रतियोगिता शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। घाट मेले में दंगल के आयोजन से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और देर शाम तक दर्शक रोमांचक मुकाबलों का आनंद लेते रहे।
इस दौरान दंगल में मुख्य रूप से गय्युर मेम्बर, आसिफ गय्यूर त्यागी , मोनू गय्यूर त्यागी, डॉ. नौशाद त्यागी, सादिक पत्रकार, परवेज मेम्बर, काला मेम्बर, सभासद व पत्रकार आलम त्यागी, सलीम मेम्बर, असलम नेता, मासूम मेम्बर, शौकीन त्यागी, मुरसलीन बख्शी, वहाब त्यागी सहित कस्बे के समाजसेवी व दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

