रिजर्व पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह, एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने रिक्रूट आरक्षियों संग खेली फूलों की होली
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन में गुरुवार को होली मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय के साथ पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के साथ फूलों की होली खेली और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने उपस्थित पुलिसकर्मियों और रिक्रूट आरक्षियों को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और सेवा जीवन में निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि होली का पर्व प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से पुलिस परिवार के बीच आपसी सहयोग, सामंजस्य और उत्साह की भावना को बढ़ावा मिलता है।
होली मिलन समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों, पुलिस परिवार के सदस्यों और रिक्रूट आरक्षियों द्वारा होली से जुड़े गीत-संगीत और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने काफी सराहा। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और रिक्रूट आरक्षियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और आपसी सौहार्द के साथ पर्व का आनंद लिया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित पुलिस परिवार के सदस्य, रिक्रूट आरक्षी और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


