पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बिलखेत में नयार वैली फेस्टिवल का किया शुभारंभ, एडवेंचर पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
Anuj Tyagi
देहरादून।गुरुवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। महोत्सव की शुरुआत के साथ ही नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों की अपार संभावनाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की घोषणा की। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर, विकासखंड बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, विकासखंड एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर तथा विकासखंड पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े स्थलीय विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लाभार्थियों को किट व उपकरण वितरित किए। महिला समूहों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्होंने योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
इस दौरान पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज, रिवर्स बंजी सहित कई एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नयार वैली क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए सड़क, बिजली, पेयजल, दूरसंचार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, विधायक राजकुमार पोरी, उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख कल्जीखाल गीता देवी, प्रमुख द्वारीखाल बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत और एसएसपी सर्वेश पंवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
#AnujTyagiPost

