पुष्कर सिंह धामी ने घनसाली में 41.21 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की घोषणा

Anuj Tyagi

देहरादून।पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र में 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 13.43 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण तथा 27.78 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान पिलखी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत किए जाने के कार्य का भी शिलान्यास किया गया। अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला और उनके परिवारजनों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य किसी भी स्थिति में रुकना नहीं चाहिए और शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इच्छाशक्ति मजबूत हो तो संसाधनों की कमी भी आड़े नहीं आती।

उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व व्यवस्थित किए जाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है तथा अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। साथ ही पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की गई।

कार्यक्रम में घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए घनसाली में 30 बेड अस्पताल, तीनगढ़ में पुनर्वास, बालगंगा पुल के लिए धनराशि स्वीकृति, विद्यालय भवन निर्माण और बिजलीघर शिलान्यास जैसे कार्यों के लिए आभार जताया। उन्होंने क्षेत्र से जुड़ी 37 सूत्रीय मांगें भी सरकार के समक्ष रखीं।

मुख्यमंत्री ने सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें सौंपे गए ज्ञापन की मांगों को भी मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया जाएगा।

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *