मुजफ्फरनगर के ककरौली क्षेत्र में नीलगाय शिकार का मामला, वाहन छोड़कर फरार हुए आरोपी
घटना को लेकर हिंदू संगठनों में भारी रोष की जल्द गिरफ्तारी की मांग
मोरना क्षेत्र के अंतर्गत ककरौली थाना इलाके में वन्यजीव शिकार की घटना सामने आई है। रविवार देर रात एक नीलगाय के अवैध शिकार की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान नीलगाय के अवशेष बरामद किए गए, जबकि संदिग्ध लोग वाहन छोड़कर भाग निकले।
जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम रात्रि गश्त कर रही थी, तभी अभयारण्य क्षेत्र की ओर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। टीम ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए इलाके की घेराबंदी की। मौके पर पहुंचने पर कुछ लोग नीलगाय के अंग वाहन में रखने की तैयारी करते दिखाई दिए। विभागीय टीम को देखते ही वे भागने लगे।
पीछा किए जाने पर संदिग्धों की गाड़ी तेज रफ्तार में आगे बढ़ी, लेकिन अंधेरा होने के कारण पास के खेत में फंस गई। इसके बाद आरोपी वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गए। तलाशी के दौरान वाहन से नीलगाय के अवशेष, धारदार हथियार तथा शिकार से जुड़ा अन्य सामान बरामद किया गया।
पशु चिकित्सकों द्वारा किए गए परीक्षण में नीलगाय के शव से गोली मिलने की पुष्टि हुई है, जिससे हथियार के इस्तेमाल की बात सामने आई है।
इस संबंध में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से फरार आरोपियों की तलाश में जुटे हैं।
घटना को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने नाराजगी व्यक्त की है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
#AnujTyagiPost

