मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा कॉलेज में विंटर कार्निवाल का किया शुभारंभ
देहरादून
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विंटर कार्निवाल के अंतर्गत भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की शुरुआत युवा पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम यह दर्शाते हैं कि युवा आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से भी जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि और पहचान है। सरकार ने यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है। गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल, सड़कों का विस्तार, केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम, आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज और 100 बेड अस्पताल का निर्माण कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि खटीमा में सिडकुल, साथी केंद्र, एमकॉम व एमएससी कक्षाएं, एकलव्य विद्यालय, जमरानी बांध परियोजना, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एम्स सैटेलाइट सेंटर और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसे विकास कार्यों को गति दी जा रही है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने खटीमा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम सिंह जेठी, ढील्लू सिंह राणा और जशोधर भट्ट के आवास पहुंचकर उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।

