Anuj Tyagi
बजट से लघु उद्योगों को मिलेगी मजबूती, विकास व रोजगार को बढ़ावा: विपुल भटनागर
मुजफ्फरनगर। पूर्व चेयरमैन, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन विपुल भटनागर ने कहा कि आज का केंद्रीय बजट उनके नजरिए में लघु उद्योगों के लिए राहत वाला है। बजट में लघु उद्योगों के लिए 10,000 करोड़ रुपये के ग्रोथ फंड का प्रावधान किया गया है। साथ ही, इनकम टैक्स के नए नियमों में सरलीकरण की बातें भी की गई हैं, जो उद्योग जगत के लिए स्वागत योग्य हैं।
उन्होंने कहा कि क्रेडिट गारंटी स्कीम के विस्तार से उद्योगों में ऋण (लोन) की उपलब्धता आसान होगी। स्टार्टअप सेक्टर में स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। हालांकि छोटे उद्योगों को त्वरित कोई टैक्स राहत या छूट नहीं मिली है, लेकिन इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे और टेक्नोलॉजी के लिए बजट एलोकेशन से विकास और रोजगार सृजन में मदद मिलेगी, जिससे सभी वर्गों को लाभ होगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स सहित कई बड़ी योजनाओं के लागू होने से नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इनकम टैक्स स्लैब में बढ़ोतरी न होना कुछ हद तक निराशाजनक है, लेकिन नए नियमों में सरलीकरण स्वागत योग्य है।
भटनागर ने कहा कि टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने के लिए बजट में किए गए प्रावधान भविष्य के भारत की मजबूत नींव रखेंगे। कुल मिलाकर यह बजट विकसित भारत बनाने की दिशा में भविष्य का बजट है।
—

