मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर शहनवाज घायल, साथी नौमान गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना मीरापुर पुलिस ने देर रात कुतुबपुर झाल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर अपराधी शहनवाज को घायल कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी नौमान को मौके से दबोच लिया गया। दोनों बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मोटरसाइकिल से आ रहे थे।
पुलिस द्वारा रोकने पर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शहनवाज गोली लगने से घायल हो गया, जबकि नौमान को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक तमंचा, कारतूस और अवैध चाकू बरामद किए हैं। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी जानसठ रुपाली राव के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक मीरापुर राजीव शर्मा की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

