Anuj Tyagi


आयुष चौधरी बने समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष

मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर आयुष चौधरी पुत्र योगेंद्र सिंह को समाजवादी छात्र सभा का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा द्वारा जारी पत्र के माध्यम से किया गया।

मनोनयन पत्र में उल्लेख किया गया है कि आयुष चौधरी संगठनात्मक अनुभव के साथ छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और उनसे अपेक्षा की गई है कि वे समाजवादी छात्र सभा को जनपद में मजबूती प्रदान करेंगे। साथ ही छात्र-छात्राओं को समाजवादी विचारधारा से जोड़ते हुए संगठन का विस्तार करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि पार्टी संविधान के अनुरूप 15 दिनों के भीतर जिला कमेटी का गठन कर अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया जाए। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि नियुक्त किए जाने वाले सभी पदाधिकारी व सदस्य पार्टी के सक्रिय सदस्य हों।

आयुष चौधरी के जिला अध्यक्ष बनने पर समाजवादी पार्टी एवं छात्र संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *