एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट में प्राध्यापक का निजी ट्यूशन का दबाव, एबीवीपी के हस्तक्षेप से निलंबन
मुज़फ्फरनगर।
एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के एमबीए विभाग में कार्यरत एक प्राध्यापक द्वारा छात्रों पर निजी ट्यूशन लेने का दबाव बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि संबंधित प्राध्यापक छात्रों को यह कहकर धमकाता था कि यदि वे निजी ट्यूशन नहीं लेंगे, तो उनके प्रैक्टिकल एवं आंतरिक मूल्यांकन में अंक काट दिए जाएंगे तथा उन्हें अनुत्तीर्ण कर दिया जाएगा। इस प्रकार प्राध्यापक द्वारा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए छात्रों का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था।
इस संबंध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने तीन दिन पूर्व महाविद्यालय के निदेशक को लिखित शिकायत सौंपी थी, लेकिन महाविद्यालय प्रशासन द्वारा समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की इस उदासीनता के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने सोमवार, 19 जनवरी 2026 को महाविद्यालय के निदेशक कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव किया।
एबीवीपी के हस्तक्षेप एवं दबाव के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित प्राध्यापक को एक सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया तथा उनसे लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है। इस दौरान महाविद्यालय निदेशक ने आश्वासन दिया कि जांच पूर्ण होने के उपरांत यदि प्राध्यापक दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए सेवा से पृथक किया जाएगा।

