(असलम त्यागी)
काशीपुर में हादसा: चरथावल के 19 वर्षीय युवक की काम के दौरान गिरकर मौत,परिवार में मचा कोहराम
मुज़फ्फरनगर। जनपद के चरथावल क्षेत्र से जुड़ी एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ग्राम कुल्हेड़ी निवासी 19 वर्षीय आज़ाद पुत्र अली रज़ा उर्फ कल्लू की उत्तराखंड के काशीपुर में हुए एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। आज़ाद रोज़गार के सिलसिले में काशीपुर में रहकर वेल्डिंग का कार्य करता था और मंगलवार को भी वह रोज़ की तरह काम पर गया था, लेकिन फिर कभी अपने गांव वापस नहीं लौट सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज़ाद काशीपुर में एक फैक्ट्री में ऊंचाई पर वेल्डिंग का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत उसे काशीपुर के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर में कई घंटों तक चले इलाज के बावजूद डॉक्टर युवक की जान नहीं बचा सके और इलाज के दौरान आज़ाद ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना जैसे ही उसके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। शव गांव कुल्हेड़ी पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से न सिर्फ गांव कुल्हेड़ी बल्कि पूरे चरथावल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस घटना को बेहद दुखद बताया है। महज़ 19 वर्ष की उम्र में आज़ाद की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

