पंचायत चुनाव को लेकर रालोद की रणनीति तय, समन्वय समिति की बैठक, जयंत चौधरी ने दिए दिशा निर्देश

नई दिल्ली।
राष्ट्रीय लोकदल की उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक 25 तुगलक रोड, नई दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2026 को लेकर अब तक समिति द्वारा किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और आगे की रणनीति पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में प्रादेशिक पंचायत चुनाव समिति के संयोजक डॉ. कुलदीप उज्ज्वल सहित समिति के सदस्य हवलदार यादव (बनारस), विकास कादियान (मुजफ्फरनगर), ठाकुर संतोष सिंह (भदोही) और रोहित प्रताप (मथुरा) मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखी।

चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव 2026 में राष्ट्रीय लोकदल पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा और जनसरोकारों के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस चुनाव में महिलाओं और युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी, इसलिए संगठन को जमीनी स्तर पर इन्हें जोड़ने और सक्रिय करने पर विशेष ध्यान देना होगा।

उन्होंने पंचायत चुनाव समन्वय समिति को निर्देशित किया कि वह जिले से लेकर गांव स्तर तक प्रभावशाली ढंग से काम करे, संगठनात्मक समन्वय मजबूत करे और कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति के अनुरूप तैयार करे। बैठक में पंचायत चुनाव को लेकर संगठन को और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *