Anuj Tyagi
मुज़फ्फरनगर का नाम रोशन: विराट चौधरी का यूपी अंडर-14 क्रिकेट टीम में चयन, विकास राठी बने गेंदबाजी कोच
मुज़फ्फरनगर। जनपद के लिए गर्व का विषय है कि यहां के होनहार व उदयमान क्रिकेटर विराट चौधरी का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-14 क्रिकेट टीम में बल्लेबाज के रूप में हुआ है। यह टीम आगामी राज सिंह डूंगरपुर ट्रॉफी में प्रतिभाग करेगी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की अंडर-14 टीम पिछली बार की विजेता भी रही है।
इसी क्रम में मुज़फ्फरनगर के ही सीनियर क्रिकेट खिलाड़ी विकास राठी को यूपी अंडर-14 टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है, जिससे जिले का गौरव और बढ़ गया है।
मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि रविवार को कानपुर में आयोजित तीन दिवसीय कैंप के बाद यूपी अंडर-14 टीम की घोषणा की गई, जिसमें बल्लेबाज के तौर पर विराट चौधरी का नाम शामिल किया गया। टीम सोमवार को लखनऊ से इंदौर के लिए रवाना होगी। विराट के चयन से जनपद के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
एसडी पब्लिक स्कूल के छात्र विराट चौधरी के बाबा जी का नाम सत्यपाल सिंह है। उनके पिता विकास बालियान मुज़फ्फरनगर के सीनियर क्रिकेट खिलाड़ी रह चुके हैं और सरकारी स्कूल में अध्यापक है जबकि माता जी भी सरकारी स्कूल में अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। विराट मूल रूप से ग्राम किनौनी के निवासी हैं और वर्तमान में मुज़फ्फरनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में कोच अंकुर के मार्गदर्शन में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
विराट के चयन पर मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, चेयरमैन भीम कंसल, सचिव मनोज पुंडीर सहित संजय शर्मा, अरविंद भारद्वाज, ओमदेव सिंह, रोहित चौधरी, कुशल पाल सिंह, इन्दर माथुर, रोहन त्यागी, विनीत आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर मुज़फ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक ने विराट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ियों का प्रदेश स्तर पर चयन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं चरथावल विधायक पंकज मलिक ने भी विराट चौधरी और कोच विकास राठी को बधाई देते हुए उनके बेहतरीन प्रदर्शन की कामना की।
राजसत्ता पोस्ट की ओर से भी विराट चौधरी और विकास राठी को इस बड़ी उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की बधाई।

