चरथावल नगर पंचायत परिसर में चेयरमैन द्वारा सर्दी से बचाव के लिए कर्मचारियों को बांटे गए कम्बल, गरीबों को भी मिल रही राहत
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर: बढ़ती ठंड और जारी शीतलहर को देखते हुए चरथावल नगर पंचायत प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय परिसर में कर्मचारियों के लिए कम्बल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत चेयरमैन मास्टर इस्लामउद्दीन ने स्वयं कर्मचारियों को कम्बल वितरित किए और कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए नगर पंचायत द्वारा किए जा रहे व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।
अलाव व कम्बल सर्दी से राहत देने की कवायद
चेयरमैन मास्टर इस्लामउद्दीन ने बताया कि लगातार गिरते तापमान के कारण आमजन विशेषकर मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला लगाने वाले, बुजुर्ग और गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। ऐसे में उन्हें राहत देने के लिए नगर पंचायत की ओर से कस्बे के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर लकड़ी वितरित कर अलाव जलवाए जा रहे हैं। कई स्थानों पर स्थानीय सभासद भी अपनी ओर से अलाव उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गरीब व जरूरतमंद परिवारों को नगर पंचायत व सभासदों की ओर से कम्बल वितरण का कार्य भी जारी है। “सर्दी किसी के लिए चुनौती बन सकती है, इसलिए हम कोशिश कर रहे हैं कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो
कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन ने सफाई व्यवस्था के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के माध्यम से कस्बे में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच उन्होंने कुछ व्यक्तियों द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल की जाने वाली फोटो व वीडियो पर नाराजगी व्यक्त की और कहा कि—
“कुछ लोग बिना जानकारी के गलत तस्वीरें व वीडियो वायरल कर नगर पंचायत की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। यह उचित नहीं है। कोई समस्या है तो सीधे हमें अवगत कराएं, ताकि उसका समाधान कराया जा सके।”
चरथावल चेयरमैन मास्टर इस्लामूदीन ने अपील की कि सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने की जगह नगर पंचायत की कार्यप्रणाली में सहयोग किया जाए।

