पंच केदार–पंच बद्री धामों में शीतकालीन यात्रा व शिवरात्रि मेले की सुरक्षा को लेकर एसपी चमोली का व्यापक निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के विजन के तहत पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने जनपद के पंच बद्री–पंच केदार क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कल्पेश्वर महादेव (पंच केदार), ध्यान बद्री व भविष्य बद्री (पंच बद्री) मंदिरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, यात्रा प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और पुलिस तैनाती की जमीनी हकीकत का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण की शुरुआत कल्पेश्वर महादेव मंदिर से हुई, जो पंच केदारों में एकमात्र ऐसा धाम है जहां वर्षभर दर्शन होते हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष विनोद नेगी व अन्य सदस्यों से मुलाकात कर शिवरात्रि पर्व पर आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियों पर चर्चा की गई। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

मंदिर परिसर में रह रहे साधु–महात्माओं से संवाद कर सभी का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता के साथ सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उर्गम घाटी क्षेत्र में बढ़ती पर्यटक व श्रद्धालुओं की संख्या और बड़ी संख्या में संचालित होम-स्टे को देखते हुए चौकी प्रभारी उर्गम को निर्देशित किया गया कि सभी होम-स्टे निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराया जाए और बाहर से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया जाए।

इसके बाद ध्यान बद्री मंदिर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। हेलंग से उर्गम तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग का अवलोकन करते हुए संभावित दुर्घटना स्थलों को चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड व संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।

पंच बद्री में शामिल भविष्य बद्री मंदिर (ज्योतिर्मठ से लगभग 17 किलोमीटर दूर) पहुंचकर भी यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। यहां पुजारी अतुल डिमरी सहित अन्य से भेंट कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई।

चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हेलंग स्थित पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक ज्योतिर्मठ देवेंद्र रावत, चौकी प्रभारी भूपेंद्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *