महिला के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को तितावी पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल!
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 जनवरी 2026 को वादिया पूजा देवी पत्नी डेनिश, निवासी ग्राम हैदरनगर जलालपुर, थाना तितावी, जनपद मुज़फ्फरनगर ने थाना तितावी पर एक लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना तितावी पर मु०अ०सं० 002/26 धारा 109(1)/115(2)/351(3)/352 बीएनएस के तहत अभियुक्त डेनिश पुत्र किरण सिंह, निवासी ग्राम हैदरनगर जलालपुर के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया।
आरोप है कि अभियुक्त ने वादिया के साथ गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की नीयत से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मुकदमा पंजीकृत होने के पश्चात उच्चाधिकारियों के कुशल निर्देशन में मिशन शक्ति टीम का गठन किया गया। मिशन शक्ति टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर वांछित अभियुक्त को मुकन्दपुर झाल से गिरफ्तार कर लिया गया।

