Anuj Tyagi
त्यागी विकास एवं कल्याण समिति रुड़की ने मेजर आसाराम त्यागी की जयंती पर किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम
हरिद्वार/रुड़की।
भारत-पाकिस्तान युद्ध के नायक एवं महावीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद मेजर आसाराम त्यागी की जयंती के अवसर पर त्यागी विकास एवं कल्याण समिति रुड़की द्वारा उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया तथा मिष्ठान वितरण कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रप्रेम को नमन किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मेजर आसाराम त्यागी के बलिदान और वीरता पर विशेष प्रकाश डाला। मेजर त्यागी ने 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना की 3 जाट बटालियन की अग्रणी प्लाटून का नेतृत्व करते हुए पाकिस्तान के डोगराई गाँव के दुश्मन ठिकानों पर कब्ज़ा करने का साहसिक कार्य किया। युद्ध के दौरान वे गोली लगने पर भी अपने पद पर डटे रहे, ग्रेनेड से दुश्मन के टैंकों का सामना किया तथा दो टैंकों को कब्ज़े में लेने में सफलता पाई। इस साहसिक कार्य के दौरान उन्हें कुल पाँच गोलियाँ लगीं और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपनी कंपनी का नेतृत्व तब तक किया जब तक वे बेहोश नहीं हो गए। बाद में उपचार के लिए ले जाते समय उनकी मृत्यु हो गई। उनके इस अद्वितीय पराक्रम के लिए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मेजर त्यागी का बलिदान देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है, जिसे युवा पीढ़ी को हमेशा याद रखना चाहिए।
त्यागी समाज रुड़की के संरक्षक डॉ. राकेश त्यागी ने कहा कि मेजर आसाराम त्यागी जैसे वीर सपूतों का बलिदान देश के लिए सर्वोच्च अनुकरणीय है और समाज का दायित्व है कि हम उनकी स्मृतियों को संजोकर रखें।
महामंत्री श्यामकुमार त्यागी ने कहा कि शहीद मेजर त्यागी का जीवन और वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, और हमें उनके आदर्शों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को सशक्त बनाना चाहिए।
उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी ने कहा कि ऐसे वीरों का सम्मान करना सच्ची राष्ट्रभक्ति है और इन आयोजनों से समाज में देशप्रेम और बलिदान की भावना और अधिक मजबूती से बनी रहती है।
इस अवसर पर विकास त्यागी, नरोत्तम त्यागी, आदेश त्यागी, अनुराग त्यागी, आनंद त्यागी, अजय त्यागी, कुलभूषण त्यागी सहित त्यागी समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

