Anuj Tyagi
मेडिकल वेस्टेज प्लांट के विरोध में 8 महीने से जारी धरना, सांसद हरेंद्र मलिक ने दिया समर्थन
मुजफ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र के चांदपुर मखियाली गांव में बर्फखाना की आड़ में मेडिकल वेस्टेज प्लांट स्थापित किए जाने का ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। इस प्लांट के खिलाफ गांव के सैकड़ों ग्रामीण पिछले करीब 8 महीनों से फैक्ट्री के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं और इसे गांव से हटाने की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के लंबे समय से चल रहे इस धरने को समर्थन देने के लिए समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और खुले मंच से उन्हें भरोसा दिलाया कि इस मुद्दे को वह पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा यह मामला बेहद गंभीर है और वह इस मांग को सड़क से लेकर संसद तक उठाएंगे। साथ ही जहां भी जरूरत होगी, संबंधित विभागों और सरकार को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग करेंगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले से मौजूद अन्य औद्योगिक इकाइयों के कारण भारी प्रदूषण फैल रहा है, जिसकी वजह से गांव और आसपास के इलाकों में कैंसर, हेपेटाइटिस-बी, फेफड़े और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मेडिकल वेस्टेज प्लांट यहां स्थापित हो गया, तो स्थिति और भी भयावह हो जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार मेडिकल वेस्टेज को नष्ट करने के दौरान निकलने वाले धुएं और हानिकारक कणों से कीटाणु पूरे क्षेत्र में फैलेंगे, जिससे महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा और गांव का हर दूसरा व्यक्ति किसी न किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित हो सकता है। इसी आशंका के चलते ग्रामीण किसी भी कीमत पर इस फैक्ट्री को गांव में लगने नहीं देना चाहते।
बाइट – हरेंद्र मलिक, सांसद मुजफ्फरनगर

