माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में अटल जयंती, तुलसी दिवस एवं क्रिसमस कार्निवल का भव्य व रंगारंग आयोजन
मुजफ्फरनगर।
माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में दिनांक 25 दिसंबर 2025 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती, तुलसी दिवस एवं क्रिसमस कार्निवल का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन बच्चों, अभिभावकों एवं नगरवासियों के लिए मनोरंजन, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना से भरपूर एक यादगार अनुभव रहा।

सुबह 11:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चले इस क्रिसमस कार्निवल में विद्यार्थियों ने अपनी बहुआयामी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, वहीं अभिभावकों एवं शहरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, सामाजिक मूल्यों एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्निवल के दौरान लाइव सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मैजिक शो, सांता परेड, मनोरंजक गेम्स, राइड्स, टैटू आर्ट, आकर्षक फूड स्टॉल, खेल गतिविधियां एवं लकी ड्रॉ प्रमुख आकर्षण रहे। प्रत्येक घंटे आयोजित लकी ड्रॉ में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान तुलसी दिवस भी श्रद्धा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को तुलसी के धार्मिक, औषधीय एवं पर्यावरणीय महत्व से अवगत कराया गया और प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

साथ ही, देश के महान नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विद्यार्थियों को उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान, दूरदर्शी नेतृत्व एवं आदर्शों से प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसएसपी मुजफ्फरनगर की धर्मपत्नी डॉ. नीलम वर्मा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में प्रेरणा मित्तल (श्री राम कॉलेज), वंशिका अग्रवाल, मानसी, भारती, मीनाक्षी रोहल, अमनदीप सिंह, रिद्धिमा भारद्वाज, लक्षित शर्मा एवं सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर नारायण शर्मा शामिल रहे।

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के चेयरमैन नवनीत भारद्वाज, निर्देशिका चारु भारद्वाज, संयुक्त निर्देशक सुनंद सिंघल एवं प्राचार्य डॉ. के. जी. अरोड़ा ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ट्रस्टीगण सुमित कुमार रोहल एवं मंजरी सिंगल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है और परिवारों को भी आपसी मेल-जोल एवं आनंद का अवसर मिलता है।
मुख्य अतिथि डॉ. नीलम वर्मा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रशासन द्वारा सुरक्षा, अनुशासन एवं व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। उपस्थितजन बच्चों की कलात्मक प्रस्तुतियों, उत्साह और रचनात्मक गतिविधियों का भरपूर आनंद लेते नजर आए। कार्यक्रम का समापन उल्लास, सकारात्मक ऊर्जा और अविस्मरणीय स्मृतियों के साथ हुआ।

