चरथावल में टीम कोशिश का सराहनीय प्रयास, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत वाहनों पर लगाए गए रिफ्लेक्टर
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे की सामाजिक संस्था टीम कोशिश द्वारा समाज हित में लगातार किए जा रहे कार्यों की क्षेत्र में भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है। इसी क्रम में आज टीम कोशिश ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत घने कोहरे को देखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए।
अभियान के दौरान चरथावल थाना प्रभारी सत्य नारायण दहिया मय पुलिस फोर्स मौजूद रहे। उन्होंने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी और पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर स्वयं भी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए। कार्यक्रम में चरथावल चेयरमैन मास्टर इस्लामुद्दीन तथा चरथावल निवासी आईपीएस अधिकारी रमणीक त्यागी ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया और अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए। वक्ताओं ने कहा कि कोहरे के मौसम में रिफ्लेक्टर दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और यह छोटी-सी सावधानी कई जिंदगियों को बचा सकती है। इस अवसर पर टीम कोशिश के सदस्यों ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें, जिससे दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

