अनुज त्यागी/सौरभ दुबे
सहारनपुर में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, एक लाख का इनामी बदमाश सिराज अहमद मुठभेड़ मे मारा गया
सहारनपुर।
दिनांक 20/21 दिसंबर की रात उत्तर प्रदेश एसटीएफ मुख्यालय की टीम को अभिसूचना संकलन के दौरान जानकारी मिली कि जनपद सुल्तानपुर में हत्या के मुकदमे में वांछित तथा ₹1 लाख का इनामी अपराधी सिराज अहमद पुत्र मंसूर अहमद, निवासी लोलेपुर, थाना कोतवाली नगर, सुल्तानपुर, किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से पंजाब-हरियाणा बॉर्डर से होकर थाना गंगोह क्षेत्र, जनपद सहारनपुर में मौजूद है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखते ही सिराज अहमद ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें सिराज अहमद गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध असलहा और अन्य सामग्री बरामद की है। बरामदगी में
एक मोटरसाइकिल,
30 बोर व 32 बोर की दो पिस्टल,
30 बोर और 32 बोर के जिंदा कारतूसों की बड़ी मात्रा,
खोखा कारतूस,
चार मोबाइल फोन,
दो वाई-फाई डोंगल,
एक छोटा बैग
तथा आधार कार्ड सहित कुछ कागजात शामिल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सिराज अहमद का करीब 30 आपराधिक मुकदमों का लंबा इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) समेत कई गंभीर धाराओं में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों और थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य संभावित आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
उपचार के दौरान सिराज अहमद की मौत हो गई है

