पैग़ाम-ए-इंसानियत की मानवीय पहल, आर्थिक तंगी से जूझ रहे राष्ट्रीय खिलाड़ी आवेश बालियान को मिला अंतरराष्ट्रीय जैवलिन


पैग़ाम-ए-इंसानियत ने की सराहनीय पहल
मुज़फ्फ़रनगर।

कहते हैं कि लाल गुदड़ी में भी चमकता हीरा छिपा होता है—इस कहावत को ग्राम खतौला निवासी युवा खिलाड़ी आवेश बालियान ने साकार कर दिखाया है। आवेश जैवलिन थ्रो (अंडर-17) के एक होनहार और प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जिन्होंने उत्तर प्रदेश स्तर पर दो बार प्रथम स्थान तथा राष्ट्रीय स्तर पर एक बार प्रथम स्थान प्राप्त कर न सिर्फ अपने गांव बल्कि पूरे जनपद मुज़फ्फ़रनगर का नाम रोशन किया है।

हालांकि आर्थिक तंगी के कारण आवेश राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उपयोग होने वाले उच्च गुणवत्ता के जैवलिन को खरीदने में असमर्थ थे। जैवलिन की अधिक कीमत उनकी प्रतिभा के मार्ग में बड़ी बाधा बन रही थी और अभ्यास के स्तर पर भी इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा था। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयोग होने वाले जैवलिन की कीमत ₹1,00,000 से अधिक है, जिसे आवेश के लिए खरीद पाना उनके परिवार के लिए संभव नहीं था।

इस स्थिति को गंभीरता से समझते हुए पैग़ाम-ए-इंसानियत संस्था ने एक मानवीय और प्रेरणादायी पहल की। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ़ राही ने युवा खिलाड़ी की प्रतिभा और संघर्ष को देखते हुए उसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का जैवलिन हंगरी से मंगवाकर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। बताया गया कि यह जैवलिन वही है, जिसका उपयोग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में किया जाता है।

इस अवसर पर आसिफ़ राही ने कहा कि पैग़ाम-ए-इंसानियत का उद्देश्य ही यही है कि समाज के ऐसे होनहार बच्चों को सहारा दिया जाए, जो संसाधनों के अभाव में आगे बढ़ने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि “आवेश जैसे खिलाड़ी देश का भविष्य हैं। यदि आज इन्हें सहयोग मिला तो कल यही युवा देश और समाज का नाम रोशन करेंगे। पैग़ाम-ए-इंसानियत आगे भी ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ियों और जरूरतमंद युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।”

पंकज मलिक,विधायक

चरथावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक  पंकज मलिक ने अपने कर-कमलों से वह जैवलिन खिलाड़ी आवेश बालियान को सौंपा। इस मौके पर विधायक पंकज मलिक ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और उचित मार्गदर्शन के अभाव में कई प्रतिभाएं दबकर रह जाती हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं से आगे आकर ऐसे खिलाड़ियों की मदद करने की अपील की।

हाजी आसिफ राही,समाजसेवी व अध्यक्ष समाज सेवी संस्था पैगाम ए इंसानियत

अंतरराष्ट्रीय जैवलिन प्राप्त कर आवेश बालियान बेहद प्रसन्न नजर आए। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए इसी तरह के जैवलिन की आवश्यकता महसूस कर रहे थे, लेकिन इसकी अधिक कीमत के कारण इसे खरीद नहीं पा रहे थे। अब उन्हें पूरा विश्वास है कि वे कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के माध्यम से आने वाली जैवलिन थ्रो चैंपियनशिप में अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस मौके पर आवेश के पिता आबिद अली ने विधायक पंकज मलिक एवं पैग़ाम-ए-इंसानियत संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका बेटा लंबे समय से इस अवसर के लिए संघर्ष कर रहा था, जो आज संस्था के सहयोग से साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ जाता है।

आवेश बालियान खिलाड़ी

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गौहर सिद्दीकी, दिलशाद पहलवान, महबूब आलम एडवोकेट, इकराम कस्सार, इसरार अहमद, दिलशाद अंसारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आवेश बालियान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पैग़ाम-ए-इंसानियत संस्था की इस सराहनीय पहल की खुले दिल से प्रशंसा की।


AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *