कोर्ट परिसर में हथकड़ी पहने रील बनाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर। थाना तितावी पुलिस ने एसडीएम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद हाथों में हथकड़ी लगे हुए रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है, जबकि उनका एक साथी अभी फरार है। जानकारी के अनुसार, थाना तितावी पुलिस ने गांव नंगला पिथौरा निवासी पंकज, अर्जुन, कुणाल व एक बाल अपचारी के खिलाफ मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज की थी। 14 दिसंबर को पुलिस ने आरोपियों को शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार कर हथकड़ी लगाकर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। जमानत मिलने के बाद कोर्ट परिसर के बाहर आरोपियों ने अपने साथियों से मोबाइल पर वीडियो बनवाया और उस पर फिल्मी डायलॉग्स के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

वायरल रील में युवक हथकड़ी लगे हुए हंसते और बदमाशी की हनक दिखाते नजर आए, साथ ही बैकग्राउंड में आपत्तिजनक डायलॉग भी सुनाई दे रहे थे। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने अर्जुन और कुणाल को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है, जबकि तीसरे आरोपी पंकज की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों की फोटो भी जारी की है, जिसमें एक ओर रील बनाते समय की तस्वीरें और दूसरी ओर गिरफ्तारी के बाद जेल में बंद तस्वीरें दिखाई गई हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *